धनबाद : Memco More से धनबाद शहर की ओर आने वाली व्यस्त सड़क पर एक बाइक सवार युवक द्वारा खतरनाक स्टंटबाजी और ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। युवक की लापरवाही भरी हरकतों ने सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को दहशत में डाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बिना हेलमेट तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था और बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट कर रहा था। वह कभी हैंडल से हाथ छोड़कर बाइक लहराते हुए चला रहा था तो कभी ट्रैफिक के बीच खतरनाक तरीके से ओवरटेक करता नजर आया।
लोगों ने बताया कि युवक एक हाथ में जलती हुई सिगरेट लेकर धुआं उड़ाते हुए बाइक चला रहा था। इतना ही नहीं, वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए भी वाहन चला रहा था, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया।
मेमको मोड़ से लेकर शहर की ओर आने वाले पूरे रास्ते में युवक की यह हरकतें सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती दिखीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर ऐसे लापरवाह बाइक चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
साथ ही लोगों ने शहर में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर निगरानी और सख्ती बढ़ाने की भी मांग की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
















