Dhanbad : धनबाद मंडल में टिकट जांच अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
रेलवे द्वारा चलाए गए इस विशेष जांच अभियान में कुल 121 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्री, बिना उचित प्राधिकार के सफर करने वाले यात्री तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा कर रहे लोग शामिल थे।
जांच के दौरान पकड़े गए यात्रियों से कुल 61,170 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। साथ ही सभी यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि टिकट चेकिंग टीमों द्वारा धनबाद स्टेशन के अलावा विभिन्न मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी लगातार जांच की जा रही है। इस अभियान के दौरान स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई।
धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने से पहले वैध टिकट जरूर लें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेलवे प्रशासन ने साफ किया कि भविष्य में भी ऐसे टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।
यह जानकारी मनीष सौरभ द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई।
















