बोकारो : झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो के बालीडीह थाना में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) मोहम्मद अयूब अंसारी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एएसआई मोहम्मद अयूब अंसारी बालीडीह थाना में दर्ज एक मामले के अनुसंधानकर्ता (IO) थे। आरोप है कि उन्होंने केस डायरी को कमजोर करने और आरोपी को राहत देने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत सीधे धनबाद ACB से कर दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने पूरे मामले का गुप्त सत्यापन किया, जिसमें घूस मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद धनबाद ACB थाना में मामला दर्ज कर डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया गया।
योजना के तहत एसीबी टीम ने बोकारो के नया मोड़ क्षेत्र में जाल बिछाया। जैसे ही एएसआई ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये रिश्वत ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया कि गिरफ्तारी की कार्रवाई दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई। गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी एएसआई को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए धनबाद ले गई।














