पूर्वी टुंडी : सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल का जल’ योजना पूर्वी टुंडी के लटानी पंचायत में पूरी तरह फेल नजर आ रही है। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। महिलाएं और पुरुष बाल्टी लेकर पानी की तलाश में भटकने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि लटानी मोड़ के पास करोड़ों रुपये की लागत से बनी विशाल पानी टंकी केवल शोपीस बनकर रह गई है। जिस इलाके में टंकी खड़ी है, वहीं के लोगों को पीने के पानी की सुविधा नहीं मिल पा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जलापूर्ति का जिम्मा ‘श्रीराम ईपीसी’ कंपनी के पास है। पानी नहीं मिलने की शिकायत करने पर कंपनी कर्मियों ने बताया कि विभाग से पुराना बकाया भुगतान नहीं मिला है। जब तक भुगतान नहीं होगा, तब तक जलापूर्ति शुरू नहीं की जाएगी।
कंपनी और विभाग के बीच भुगतान विवाद का खामियाजा सीधे ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। पानी जैसी बुनियादी जरूरत पूरी नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पेयजल स्वच्छता विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।














