, ,

टुंडी में अवैध पशु तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, कंक्रीट की बाउंड्री में कैद मिले मवेशी

JP Bharat Shareटुंडी : धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लछुरायडीह पंचायत में अवैध पशु तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पिछले तीन दिनों से गायब मवेशियों की तलाश के दौरान ग्रामीणों और पुलिस ने एक संदिग्ध कंक्रीट बाउंड्री वॉल के अंदर से कई मवेशियों को बरामद किया। मौके से फर्जी…

JP Bharat Share

टुंडी : धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लछुरायडीह पंचायत में अवैध पशु तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पिछले तीन दिनों से गायब मवेशियों की तलाश के दौरान ग्रामीणों और पुलिस ने एक संदिग्ध कंक्रीट बाउंड्री वॉल के अंदर से कई मवेशियों को बरामद किया। मौके से फर्जी नंबर प्लेट, नंबर प्लेट प्रिंट करने के सांचे और भारी मात्रा में पशु चारा भी बरामद हुआ है।

जानकारी के अनुसार, लछुरायडीह निवासी मीना देवी की गाय और रहमत अंसारी के दो बैल बीते तीन दिनों से लापता थे। मंगलवार को मीना देवी को गांव के समीप एक ऊंची बाउंड्री वॉल के अंदर से मवेशियों के रंभाने की आवाज सुनाई दी। शक होने पर ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। गेट बंद था और उस पर ताला लगा हुआ था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर, अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल और डीएसपी मुख्यालय-2 मोहम्मद नाजीर अख्तर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब परिसर का ताला खोला गया तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए।

अंदर गायब मवेशियों के साथ कई कमरों से फर्जी नंबर प्लेट, नंबर प्लेट प्रिंट करने वाले सांचे और भारी मात्रा में पशु चारा बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि तस्कर चोरी किए गए मवेशियों को यहां छिपाकर रखते थे और बाद में फर्जी नंबर प्लेट लगी गाड़ियों के जरिए उन्हें बाहर भेजा जाता था।

पुलिस ने बरामद मवेशियों को उनके मालिकों को सौंप दिया है। वहीं इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी बताए जा रहे खान दास का घर बंद मिला और वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने बताया कि जमीन की जांच की जा रही है और इसके लिए तीन दिनों का समय निर्धारित किया गया है। वहीं डीएसपी मोहम्मद नाजीर अख्तर ने कहा कि पूरे नेटवर्क के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे सिंडिकेट का खुलासा किया जाएगा।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed