,

तोपचांची गोलीकांड की कहानी संदिग्ध, कोयला खनन वर्चस्व विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला : एसडीपीओ

JP Bharat Shareधनबाद : तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार अहले सुबह गोली लगने से घायल हुए युवक के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह मामला सड़क अपराध या छिनतई से अधिक कोयला खनन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा प्रतीत हो…

JP Bharat Share

धनबाद : तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार अहले सुबह गोली लगने से घायल हुए युवक के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह मामला सड़क अपराध या छिनतई से अधिक कोयला खनन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घायल युवक रवि बख्श राय का इलाज फिलहाल एसएनएमएमसीएच धनबाद में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल, तोपचांची थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान तीन राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें दो गोलियां रवि बख्श राय के दोनों पैरों में लगीं।

एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि घायल बोकारो जिले के दुग्दा थाना क्षेत्र के अटारी गांव का निवासी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि जीटी रोड किनारे एक युवक गोली लगने से घायल अवस्था में पड़ा है। पूछताछ के दौरान घायल ने अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारने की बात कही, लेकिन उसके साथ मौजूद दिवाकर सिंह के बयान में कई विरोधाभास सामने आए।

जांच के दौरान पुलिस को संकेत मिले हैं कि दुग्दा क्षेत्र में कोयला खनन से जुड़े वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ था, जिसके दौरान फायरिंग की घटना घटी। इसके बाद घायल को इलाज के लिए धनबाद लाया गया और मामले को तोपचांची क्षेत्र की घटना के रूप में प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि कथित घटनास्थल की जांच में न तो खून के निशान मिले और न ही कोई खोखा बरामद हुआ, जिससे पूरी कहानी संदिग्ध प्रतीत हो रही है।

घायल रवि बख्श राय ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक मित्र के साथ पल्सर एनएस बाइक से देवघर जा रहा था। इसी दौरान तोपचांची बाजार के समीप दो बाइक पर सवार अपराधियों ने छिनतई के इरादे से फायरिंग की और उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस इस दावे की भी गहनता से जांच कर रही है।

एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस टीम दुग्दा थाना क्षेत्र जाकर वास्तविक घटनास्थल का निरीक्षण करेगी और पूरे मामले की तह तक पहुंचेगी। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस गोलीकांड ने कोयलांचल क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इस मामले को सिर्फ सड़क अपराध नहीं, बल्कि कोयला कारोबार से जुड़े संभावित वर्चस्व विवाद के नजरिए से भी देख रही है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports