धनबाद: भारतीय मजदूर संघ (भामसं) के विश्वकर्मा भवन स्थित कार्यालय में बुधवार को भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार यूनियन, धनबाद जिला की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के जिला अध्यक्ष सुखदेव पासवान ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री प्रभाकर चौधरी ने किया।
बैठक में यूनियन के संगठनात्मक विस्तार, सदस्यता अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार यूनियन के प्रदेश महामंत्री धर्मजीत चौधरी, प्रदेश संगठन मंत्री पप्पू विश्वकर्मा तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री धर्मजीत चौधरी ने कहा कि निर्माण क्षेत्र में कार्यरत राजमिस्त्री, प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, हेल्पर और अन्य श्रमिकों को अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही मजदूरों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद मजदूरों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का नैतिक दायित्व है कि वह मजदूरों के सुख-दुख में सहभागी बने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।
बैठक में सदस्यता अभियान को और तेज करने, नए श्रमिकों को यूनियन से जोड़ने तथा श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री गणेश साव, सुशांत बाउरी, दीपक कुमार सिंह, पप्पू मिश्रा, कामेश्वर महतो, मनोज कुमार साव, राजेंद्र सिंह, रूबी कुमारी, सोनी देवी सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















