गिरिडीह: नगर निगम चुनाव के दौरान आजाद नगर में हुई हिंसा, पुलिस पर पथराव और गोलीबारी के मामले में गिरिडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। एक मामले में जमानत पर जेल से रिहा हुए इन आरोपियों को दूसरे लंबित मामले में जेल गेट से बाहर निकलते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोर पासवान, आकाश हाड़ी, अमित विश्वकर्मा और मंजीत पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नगर निगम चुनाव के दौरान आजाद नगर क्षेत्र में हुई हिंसा को लेकर गोलीबारी, हत्या, पुलिस पर पथराव और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने से संबंधित दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।
जानकारी के अनुसार गोलीबारी और हत्या के मामले में चारों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। बाद में उन्हें उक्त मामले में जमानत मिल गई। हालांकि पुलिस पर पथराव और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के दूसरे मामले में उनका रिमांड नहीं लिया जा सका था, जिसके कारण वे जेल से रिहा हो गए थे।
जैसे ही पचंबा थाना पुलिस को आरोपियों की रिहाई की सूचना मिली, पुलिस टीम ने जेल गेट के बाहर घेराबंदी कर दी। जेल से बाहर निकलते ही चारों आरोपियों को दूसरे दर्ज मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आजाद नगर हिंसा मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि नगर निगम चुनाव के दौरान आजाद नगर में हुई हिंसा ने पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब इस मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
















