धनबाद: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बिशुनपुर स्थित द्वारिका मेमोरियल फाउंडेशन एकेडमी में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कई गतिविधियों में भाग लिया।
विद्यालय में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मदन कुमार सिंह ने इस वर्ष की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, भविष्य के लिए” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय चुनौतियों से पृथ्वी को बचाने के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया। इसी क्रम में विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों और छात्रों ने मिलकर पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में कक्षा आठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण विषयक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं के शैलेश ने प्रथम, कक्षा बारहवीं की अदिति झा ने द्वितीय तथा कक्षा दसवीं के रितिक कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा पर्यावरण दिवस की थीम पर आधारित ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित भविष्य को लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं की रूही सिंह ने प्रथम, सोनाक्षी कुमारी ने द्वितीय तथा अवनी राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने तथा अपने आसपास स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और पर्यावरण बचाने की दिशा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
















