गिरिडीह: जिले के डुमरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर पीपराडीह के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो कारों के बीच हुई जोरदार टक्कर की चपेट में एक बाइक सवार परिवार आ गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे अब्बु हसन (28) और उनके चार वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अब्बु हसन की पत्नी और उनकी मासूम पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर से खांखी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
















