मधुबन (धनबाद): मधुबन थाना क्षेत्र के सिनीडीह स्थित महुदा-राजगंज NH-32 पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी के बीच घायल युवती का पर्स गायब हो गया। पर्स में मोबाइल फोन समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। हालांकि मधुबन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद मोबाइल बरामद कर पीड़िता को वापस सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तारगा पंचायत के नवागढ़ केवटकुली निवासी कृष्णा वर्मा अपनी पुत्री श्वेता वर्मा के साथ बाइक (JH 10 BR 8886) से बिलबेड़ा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जा रहे थे। इसी दौरान सिनीडीह स्थित न्यू रजनी मेडिकल के समीप पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि पिता-पुत्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायलों की मदद में लग गई। इसी बीच भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने श्वेता वर्मा का पर्स लेकर फरार हो गया।
बताया गया कि पर्स में मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा इलाज से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। पर्स गायब होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार की चिंता और बढ़ गई।
घटना की सूचना पर मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजने के साथ मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की और तकनीकी सहायता से उसकी ट्रैकिंग की।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक टोटो चालक पर्स लेकर घटनास्थल पर पहुंचा और उसे श्वेता वर्मा को सौंप दिया। पर्स से मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया, जिससे पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली।
मधुबन पुलिस ने बताया कि सड़क हादसे और पर्स गायब होने की घटना दोनों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन की पहचान करने और मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
















