रांची, 15 जून: मुख्यमंत्री Hemant Soren ने सोमवार को रांची में आयोजित MedTech Innovation Day कार्यक्रम में भाग लेते हुए District Sandbox पहल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और तकनीक आधारित समाधानों की भूमिका पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इनोवेशन और नई तकनीकों का उपयोग भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि District Sandbox पहल के माध्यम से नई स्वास्थ्य तकनीकों को वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण और विस्तार का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल से विशेष रूप से ग्रामीण, आदिवासी और वंचित समुदायों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी। साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्य कर रहे स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को अपने समाधान विकसित करने और उन्हें व्यवहारिक स्तर पर लागू करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में नवाचार और तकनीकी विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार स्टार्टअप्स, रिसर्चर्स और इनोवेटर्स को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि तकनीक का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक सशक्त, समावेशी और आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था का निर्माण करना है, जहां तकनीक के माध्यम से लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
















