धनबाद/भूली: वार्ड संख्या 17 के आज़ादनगर स्थित गफ्फार कॉलोनी में लंबे समय से पार्क की मांग कर रहे लोगों को बड़ी सौगात मिली है। सोमवार को सिल्वर डव स्कूल के सामने लगभग 66 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सिल्वर डव पार्क का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद Imtiyaz Ansari, Shahida Kamar एवं Haji Badruddin Qureshi ने संयुक्त रूप से आधारशिला रखी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पार्क निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर सिल्वर डव स्कूल के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बताया गया कि पार्क निर्माण के लिए वार्ड पार्षद इम्तियाज अंसारी और आज़ादनगर वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष Shahid Kamar लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। उनके प्रयासों के बाद अब क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक पार्क की सौगात मिलने जा रही है।
प्रस्तावित सिल्वर डव पार्क में मॉर्निंग वॉक ट्रैक, बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम, शौचालय तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पार्क बनने के बाद यह न केवल वार्ड 17 बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी मनोरंजन, स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए पार्षद इम्तियाज अंसारी ने कहा कि यह क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि इतने बड़े इलाके में अब तक कोई सार्वजनिक पार्क नहीं था। जनता के सहयोग से इस परियोजना को साकार किया जा रहा है और आने वाले समय में वार्ड को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं हाजी बदरुद्दीन कुरैशी ने कहा कि भूली मोड़ से लेकर भूली क्षेत्र तक सार्वजनिक पार्क की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने पार्क निर्माण में हरसंभव सहयोग का भरोसा जताया।
शाहिदा कमर ने कहा कि बच्चों और युवाओं के लिए पार्क का निर्माण अत्यंत सराहनीय कदम है। इससे बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में खेलने तथा शारीरिक विकास का अवसर मिलेगा।
आज़ादनगर वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष शाहिद कमर ने बताया कि एक-दो दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने इस पहल में सहयोग करने वाले सभी लोगों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुमताज़ कुरैशी, हाजी कलीमुल्ला, हैदर खान, रज़ी सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
















