भागलपुर: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को बाईपास थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बाईपास थाना अध्यक्ष चनवीर कुमार ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर पर्व के सफल आयोजन को लेकर अपने सुझाव दिए।
बैठक के दौरान मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना अध्यक्ष ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की हरकत या कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने भी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं, जुलूस मार्ग से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं तथा नागरिक सुविधाओं को लेकर सुझाव भी प्रशासन के समक्ष रखे गए।
मौके पर बैजानी पंचायत के मुखिया नवल किशोर सिंह, सरपंच सूरज कुमार, उपसरपंच सुभाष चंद्र झा, पंचायत समिति सदस्य अनिल रविदास, जमनी पंचायत के मुखिया चांद आलम, मोहम्मद असलम आलम, विक्की कुमार, शंकर शाह, भवेश प्रसाद यादव, कुलदीप पासवान, सेनापति राय तथा जितेंद्र शाह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में थाना अध्यक्ष चनवीर कुमार ने सभी लोगों से क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आम जनता के सहयोग से ही मोहर्रम पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है
















