धनबाद : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा देशभर में चलाए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत रविवार को धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अनियमितताओं, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एवं धनबाद प्रभारी शकील अख्तर ने कहा कि देश का छात्र और युवा वर्ग आज गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रही देरी से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी के कारण छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है।
शकील अख्तर ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं और परिवार अपनी आर्थिक क्षमता से अधिक खर्च करता है, लेकिन जब परीक्षाएं रद्द होती हैं या भर्ती प्रक्रिया लंबित रहती है तो इसका सीधा असर युवाओं के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा करने तथा रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र नियुक्ति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के सभी वर्गों को शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर जागरूक होकर आगे आने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल छात्रों का नहीं, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ा विषय है।
संवाददाता सम्मेलन में बृजेंद्र प्रसाद सिंह, शमशेर आलम, अशोक कुमार सिंह, प्रदीप पांडेय, करीम अंसारी, जहीर अंसारी, मधुसूदन चौधरी, शयूम खान सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















