धनबाद: धनबाद लॉन टेनिस एसोसिएशन (डीएलटीए) द्वारा झारखंड टेनिस एसोसिएशन (जेटीए) के तत्वावधान में 25 से 28 जून तक धनबाद क्लब लिमिटेड में दूसरे झारखंड राज्य हार्ड कोर्ट टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 102 पुरुष एवं महिला खिलाड़ी भाग लेंगे और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बुधवार को धनबाद क्लब लिमिटेड में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने बताया कि चार दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य झारखंड में टेनिस खेल को बढ़ावा देना, युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना तथा राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करना है।
डीएलटीए के सचिव रोहित लाला ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। सभी मैच प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
धनबाद टोयोटा द्वारा प्रस्तुत इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
प्रेस वार्ता में धनबाद क्लब के सचिव अतुल डोकानिया, डीएलटीए के सचिव रोहित लाला, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, धनबाद क्लब के टेनिस इंचार्ज आनंद शर्मा तथा डीएलटीए के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जे.के. नायर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
















