कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन फैक्ट्री शेड अचानक ढह गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर घायल हो गए।
राहत एवं बचाव दल ने अब तक 21 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि अभी भी करीब 15 लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। बचाए गए लोगों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने का अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय निर्माणाधीन ढांचे के भीतर कुल कितने लोग मौजूद थे।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए शहर के प्रमुख अस्पताल एसएसकेएम में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने और राहत कार्य में सहयोग करने की अपील की है। बचाव अभियान पूरा होने तक इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
















