धनबाद: निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच शक्ति शाखा द्वारा गुरुवार को रणधीर वर्मा चौक के समीप सेवा कार्य का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में रिक्शा चालकों, टोटो चालकों, राहगीरों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों के बीच आम और शरबत का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे भी शामिल हुए। उन्होंने अपने हाथों से जरूरतमंद लोगों को आम वितरित किया और संस्था की इस सामाजिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रचंड गर्मी के दौरान इस तरह के सेवा कार्य लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सहयोग और सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत और आम ग्रहण किया। मंच की सदस्यों ने स्वयं उपस्थित रहकर लोगों को पेय पदार्थ एवं फल वितरित किए और गर्मी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया।
मारवाड़ी युवा मंच शक्ति शाखा की अध्यक्ष ईशा अग्रवाल ने बताया कि निर्जला एकादशी के अवसर पर समाज सेवा की भावना से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि संस्था हमेशा सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष 500 से अधिक लोगों के बीच शरबत और आम का वितरण किया गया।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। मारवाड़ी युवा मंच समय-समय पर गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता, गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन और जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन भी करता है।
कार्यक्रम में शक्ति शाखा की अध्यक्ष ईशा अग्रवाल, सचिव पूजा खीरवाल, संरक्षक सदस्य सीमा सुलतानिया, निवर्तमान अध्यक्ष मेघा शर्मा, गौरी गोयल, ज्योति केजरीवाल, नेहा अग्रवाल, सीमा रिटोलिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थीं।
















