रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मेजर जनरल सज्जन सिंह मान और कर्नल हेमचंद्रा ने मुलाकात कर राज्य में पहली बार आयोजित होने जा रहे Durand Cup 2026 की तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों ने टूर्नामेंट के आयोजन, व्यवस्थाओं और विभिन्न तैयारियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि देश के प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी करना झारखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि टूर्नामेंट के आयोजन से झारखंड के स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ेगी और राज्य में खेलों के विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक के दौरान टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों की सुविधाओं और खेल अवसंरचना को लेकर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि पहली बार झारखंड में दुरंड कप का आयोजन होने जा रहा है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों और फुटबॉल खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। यह आयोजन राज्य में फुटबॉल को नई पहचान देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों के लिए अवसरों के नए द्वार खोलेगा।
















