धनबाद: राष्ट्रीय महादलित एकता संघ, केंद्रीय कमेटी धनबाद के तत्वावधान में शुक्रवार को पुलिस लाइन क्लब स्थित जगजीवन नगर मैदान में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में जिले और आसपास के क्षेत्रों की कुल 24 टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं जनता मजदूर संघ के महामंत्री गुड्डू सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और अनुशासन बनाए रखते हुए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में भाईचारा और एकता को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महादलित एकता संघ के संस्थापक अविनाश हाड़ी, देवा बासफोर, सोनू हाड़ी, बिरजू बासफोर, हिमांशु कुमार सहित संगठन के कई पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने कहा कि खेलकूद से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। साथ ही यह समाज में आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण और स्थानीय स्तर की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।
राष्ट्रीय महादलित एकता संघ ने घोषणा की कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से भविष्य में भी प्रत्येक वर्ष इस फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में संगठन के सभी सदस्यों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















