धनबाद: अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस (विश्व ड्रग दिवस) के अवसर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के राष्ट्रव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को धनबाद जिले में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिले के विभिन्न स्थानों पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया गया।
मंडल कारा धनबाद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अवर न्यायाधीश सह डालसा के सचिव मयंक तुषार टोपनो ने कहा कि नालसा का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाकर उन्हें स्वस्थ, सम्मानजनक और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। इसलिए सभी को मिलकर नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी होगी।
बरवड्डा स्थित आरोग्य भवन नशामुक्ति केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (एलएडीसीएस) के डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट ने कहा कि नशा विकास और खुशहाली का सबसे बड़ा दुश्मन है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। वहीं एलएडीसीएस के असिस्टेंट सुमन पाठक ने कहा कि नशे की लत के कारण अनेक परिवार टूट रहे हैं और युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
अभियान के तहत निरसा, तोपचांची, टुंडी और गोविंदपुर प्रखंडों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। डालसा की टीम ने गांवों, कस्बों, स्कूलों और कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक, रैली एवं विधिक साक्षरता शिविरों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभाव और कानूनी पहलुओं की जानकारी दी।
मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को केवल कानून या सरकारी प्रयासों से समाप्त नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने युवाओं से नशे को पूरी तरह त्यागकर स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एलएडीसीएस के चीफ कुमार विमलेंदू, जेलर दिनेश वर्मा, डालसा सहायक सौरभ सरकार एवं अरुण कुमार, आरोग्य भवन के अध्यक्ष राहुल सिंह, सचिव सुकांतो चक्रवर्ती, ट्रस्टी संजय कुमार सिंह, उमेश सिंह, अर्जुन पाठक, रति सिंह, राकेश सिंह, पैरालीगल वॉलंटियर हेमराज चौहान, गीता सिंह, अनामिका सिंह, पूजा झा, लक्ष्मी देवी, पूनम कुमारी, संध्या देवी, सविता कुमारी, सुभाष चंद्र महतो, रूपामणि कुमारी, जयप्रकाश महतो सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
















