धनबाद: धनबाद जिले में मुहर्रम का पर्व इस वर्ष पूरी श्रद्धा, शांति और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुआ। जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ताजिया जुलूस, अखाड़ों के पारंपरिक प्रदर्शन और धार्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित किए गए। पूरे आयोजन के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे कहीं भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए, जबकि जुलूस मार्गों पर विशेष यातायात योजना लागू कर लोगों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया गया।
उन्होंने बताया कि अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और अंचल पुलिस निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर ताजिया जुलूस एवं पारंपरिक आयोजनों की लगातार निगरानी करते रहे।
जिला प्रशासन के अनुसार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, अखाड़ा समितियों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों के सहयोग से पूरे जिले में मुहर्रम का पर्व पूरी शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। प्रशासन ने सभी नागरिकों से भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की तथा पर्व को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों और संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
















