,

सोनारडीह ओपी से चंद कदम दूर बीसीसीएल कर्मी को मारी गोली, केबल चोरी का विरोध करना पड़ा भारी

JP Bharat Shareधनबाद: जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बीसीसीएल के एक कर्मी को गोली मार दी। घटना सोनारडीह ओपी से महज कुछ कदम की दूरी पर बोकारो-धनबाद एनएच-32 किनारे स्थित बीसीसीएल के समरसेबल पंप की है, जहां रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे पंप ऑपरेटर उमेश…

JP Bharat Share

धनबाद: जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बीसीसीएल के एक कर्मी को गोली मार दी। घटना सोनारडीह ओपी से महज कुछ कदम की दूरी पर बोकारो-धनबाद एनएच-32 किनारे स्थित बीसीसीएल के समरसेबल पंप की है, जहां रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे पंप ऑपरेटर उमेश रविदास पर केबल चोरी का विरोध करने पर अपराधियों ने हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच आधा दर्जन अपराधी समरसेबल पंप से केबल चोरी कर रहे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद पंप ऑपरेटर उमेश रविदास ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। विरोध से नाराज अपराधियों ने उमेश पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने पैर में लगी और आर-पार निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई और सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल उमेश रविदास ने किसी तरह अपने सहकर्मी को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद के सेंट्रल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सोनारडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

घटना की जानकारी मिलने पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब थाना से कुछ ही दूरी पर इस तरह की घटना हो रही है तो आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि बाघमारा समेत पूरे झारखंड में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बीसीसीएल के इस समरसेबल पंप में केबल चोरी की यह लगातार तीसरी घटना है। इसके बावजूद अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और बीसीसीएल परिसरों की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports