धनबाद: शहर के शक्ति चौक स्थित आठ लेन सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर रेडियम रिफ्लेक्टर और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय अंधेरा रहने के कारण वाहन चालकों को ब्रेकर समय पर दिखाई नहीं देता, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। इस समस्या के कारण अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं।
स्थानीय अधिवक्ता बबलू महतो ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए स्पीड ब्रेकर पर तत्काल रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित किए जाएं तथा पूरी आठ लेन सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह केवल सुविधा का नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा का मुद्दा है। उनका मानना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर सड़क हादसे हो सकते हैं।
लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के साथ-साथ जनहित में आंदोलन भी किया जाएगा।
इस दौरान बबलू महतो, राजू महतो, महावीर, उमेश टुडू, मंटू महतो, अरुण सोरेन, लाल बाबा सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
















