धनबाद: धनबाद जिले के तेतुलमारी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात जमीन फटने की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सिजुआ-तेतुलमारी मार्ग स्थित मनसा मंदिर, पाण्डेयडीह टिल्हा के समीप सड़क किनारे जमीन में लंबी दरार पड़ने से स्थानीय लोगों में संभावित भू-धंसान की आशंका गहरा गई। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने नया मोड़-तेतुलमारी मुख्य सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन में आई दरार किसी बड़े भू-धंसान का संकेत हो सकती है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से कथित अवैध कोयला उत्खनन किया जा रहा है, जिसके कारण जमीन कमजोर हो गई है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कथित अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और पूरे क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराने की मांग की। उनका कहना है कि काली मंदिर के आसपास चल रही कथित अवैध खनन गतिविधियों के कारण ही जमीन में दरार आई है।
घटना की सूचना मिलते ही तेतुलमारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संभावित भू-धंसान की आशंका को देखते हुए विशेषज्ञों से क्षेत्र का निरीक्षण कराया जाए और यदि अवैध खनन की पुष्टि होती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
















