धनबाद: जीजीसीईटी सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल, धनबाद के पूर्व छात्र शुभम कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 95वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और पूरे धनबाद का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता से विद्यालय में हर्ष का माहौल है और शिक्षक व छात्र गर्व महसूस कर रहे हैं।
शुभम वर्ष 2008 से 2015 तक जीजीसीईटी सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल के छात्र रहे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के अनुशासित एवं प्रेरणादायक वातावरण को दिया। शुभम ने बताया कि बीपीएससी में सफलता हासिल करना उनका सपना था, जिसे उन्होंने निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन के बल पर पूरा किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्रनाथ सिन्हा ने शुभम को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं विद्यालय के ट्रस्टी शिवेंद्र कुमार सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
शुभम कुमार ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि वे बड़े सपने देखें, अनुशासित रहें और निरंतर मेहनत करते रहें। उन्होंने कहा कि विद्यालय से मिली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नैतिक संस्कार उनकी सफलता की सबसे मजबूत नींव बने।
विद्यालय प्रबंधन समिति के निदेशक अमरेंद्र कुमार सिंह ने शुभम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि विद्यालय के आदर्श वाक्य “Education, Learning and Culture” को सार्थक करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि शुभम की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
















