आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र स्थित कुमारपुर ओवरब्रिज पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो डिलीवरी कर्मियों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार पिकअप वैन ने मोटरसाइकिल से जा रहे दो डिलीवरी कर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन में तोड़फोड़ की और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा तथा दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जीटी रोड पर जाम लगा दिया।
सूचना मिलते ही आसनसोल दक्षिण थाना की पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार पिकअप वैन के चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
















