कतरासगढ़, धनबाद। बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक शत्रुधन महतो ने छात्र-छात्राओं के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने विधायक निधि से बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय विधायक प्रतिनिधि एवं छात्र नेता चितरंजन कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर सकारात्मक पहल करते हुए कतरास कॉलेज परिसर में कैंटीन निर्माण हेतु अनुशंसा प्रदान कर दी है।
ज्ञात हो कि दिनांक 23 जून 2026 को प्रस्तुत मांग पत्र में महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंटीन निर्माण की मांग की गई थी। महाविद्यालय में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न अवसरों पर आने वाले आगंतुकों के लिए कैंटीन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
मांग पत्र पर गंभीरता से विचार करते हुए माननीय विधायक श्री शत्रुधन महतो ने छात्र हित को सर्वोपरि मानते हुए अपने विधायक निधि से कैंटीन निर्माण की अनुशंसा कर दी है।
इस निर्णय से महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर है। विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने विधायक श्री शत्रुधन महतो के इस छात्र हितैषी एवं विकासोन्मुख निर्णय का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर बीबीएमकेयू विधायक प्रतिनिधि एवं छात्र नेता चितरंजन कुमार सिंह ने कहा कि कैंटीन निर्माण होने से विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर में ही आवश्यक खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध हो सकेगी तथा महाविद्यालय में अध्ययन एवं शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण का निर्माण होगा।
















