धनबाद: यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे के अवसर पर मेसोनिक लॉज धनबाद-95 के सदस्यों ने सबलपुर स्थित ओल्ड एज होम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों के बीच सेवा और सम्मान का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान आश्रम के सभी आश्रितों को राशन सामग्री तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं भेंट की गईं।
कार्यक्रम के दौरान मेसोनिक लॉज के सदस्यों ने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। आश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने सभी सदस्यों को स्नेह और आशीर्वाद दिया तथा इस पहल की सराहना की।
मेसोनिक लॉज धनबाद-95 के सदस्यों ने बताया कि यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे के अवसर पर हर वर्ष आश्रम में रह रहे जरूरतमंद बुजुर्गों को राशन एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने समाज, विशेषकर युवाओं से अपील करते हुए कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करें और उनकी सेवा को अपना कर्तव्य समझें। उन्होंने संदेश दिया कि “आज जिन माता-पिता की सेवा करेंगे, वही संस्कार आने वाली पीढ़ी भी अपनाएगी।”
सदस्यों ने ओल्ड एज होम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी की भी सराहना करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ वर्षों से वृद्धजनों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम के जरूरतमंदों की सहायता के लिए मेसोनिक लॉज हमेशा सहयोग करता रहेगा और भविष्य में भी हर संभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने धनबादवासियों और सरकार से भी अपील की कि जीवन के अंतिम पड़ाव पर पहुंचे असहाय और जरूरतमंद बुजुर्गों की देखभाल, सेवा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए आगे आएं।
इस सेवा कार्यक्रम में डॉ. अबीर कुमार चक्रवर्ती, मोहम्मद जलील अंसारी, डॉ. मेजर चंदन, रितेश कुमार साहू, डॉ. मुक्ति किशोर तथा दीपक कुमार सिंह सहित मेसोनिक लॉज धनबाद-95 के कई सदस्य उपस्थित रहे और वृद्धजनों की सेवा कर उन्हें सम्मानित किया।
















