धनबाद: बिना टिकट और नियमों के उल्लंघन कर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ भारतीय रेलवे ने धनबाद रेल मंडल में विशेष मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया। शनिवार को दिन-रात चले इस अभियान में कुल 606 यात्रियों को विभिन्न नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। रेलवे ने इन यात्रियों से ₹5,29,375 का जुर्माना वसूल किया।
पूर्व मध्य रेल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना है। इसके लिए मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, गलत श्रेणी में यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए सामान के साथ सफर कर रहे यात्रियों पर रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। सभी दोषी यात्रियों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया और भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अभियान का असर स्टेशनों पर भी देखने को मिला। जांच अभियान की जानकारी मिलते ही धनबाद रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा से पहले टिकट खरीदे।
धनबाद रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही स्टेशन या प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मेगा टिकट चेकिंग अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।
















