धनबाद (सिंदरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का प्रसारण रविवार को सिंदरी के पहाड़पुर स्थित भाजपा नेत्री तारा देवी के आवासीय कार्यालय में सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर भाजपा की लोकप्रिय नेत्री तारा देवी तथा धनबाद जिला ग्रामीण मंत्री डॉ. निशि महतो ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम में भिखराजपुर पंचायत के मुखिया दिलीप महतो, मुक्तेश्वर महतो, विकास महतो, शीला देवी, धर्मेन्द्र महतो, अरुण महतो, नारायण महतो, सुरेश महतो सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में नालंदा की गौरवशाली ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि नालंदा केवल एक विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि भारत की ज्ञान, शोध और वैश्विक बौद्धिक नेतृत्व की पहचान रहा है। उन्होंने कहा कि नालंदा की विरासत हमें ज्ञान, नवाचार और अनुसंधान की संस्कृति को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है तथा भारत को पुनः विश्व का ज्ञान केंद्र बनाने के संकल्प को मजबूत करती है।
कार्यक्रम के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि देश के विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
















