धनबाद:
अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) धनबाद द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी का पावन स्नान पूर्णिमा महोत्सव सोमवार को पार्कलेन रिज़ॉर्ट, धनबाद में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भक्त एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
महोत्सव की शुरुआत हरिनाम संकीर्तन और भक्तिमय कीर्तन से हुई, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी का वैदिक विधि-विधान के साथ भव्य महाअभिषेक कराया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान स्नान पूर्णिमा के धार्मिक महत्व एवं भगवान जगन्नाथ की दिव्य लीलाओं पर विशेष प्रवचन आयोजित किया गया। इस्कॉन धनबाद के अध्यक्ष नामप्रेम प्रभु ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भगवान जगन्नाथ की भक्तवत्सल लीलाओं का वर्णन किया और स्नान पूर्णिमा महोत्सव की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा एवं मेला 16 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से परिवार सहित इस चार दिवसीय महोत्सव में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का समापन भव्य महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।
इस अवसर पर बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (कार्मिक) मुरली कृष्ण रमैया, शहर के चिकित्सक, अधिवक्ता, उद्योगपति, व्यवसायी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
एक वरिष्ठ भक्त ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से यह महोत्सव अत्यंत सफल रहा और इस्कॉन समाज को भक्ति, संस्कार एवं आध्यात्मिक जीवन से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
















