पूर्वी टुंडी (धनबाद):
धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत बामनबाद स्थित सिद्धू-कान्हू चौक परिसर में मंगलवार को ऐतिहासिक हूल दिवस के अवसर पर भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए तथा वीर शहीद सिद्धू, कान्हू, चांद और भैरव के अद्वितीय बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टुंडी विधायक के अनुज बसंत महतो उपस्थित रहे। उनके साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष गिरीलाल किस्कू, प्रखंड कोषाध्यक्ष दिनेश रजक, अल्पसंख्यक प्रखंड अध्यक्ष रफीक अंसारी तथा मुबारक अंसारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सिद्धू-कान्हू समिति के अध्यक्ष राजीव किस्कू, नायकी हड़ाम आनंद हांसदा, बबलू बास्की, अजित हांसदा, सुनील मुर्मू, संजय हांसदा, प्रदीप टुडू तथा समिति के अन्य सदस्यों और अतिथियों ने वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा परिसर “वीर शहीद अमर रहें” और “जोहार हूल” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हूल दिवस केवल एक ऐतिहासिक स्मृति नहीं, बल्कि जल-जंगल-जमीन, स्वाभिमान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव सहित सभी जनजातीय वीरों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा के समापन के बाद सिद्धू-कान्हू समिति की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं एवं स्थानीय ग्रामीणों के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया। सैकड़ों लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, श्रद्धामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
















