धनबाद ट्रैफिक पुलिस को आधुनिक संसाधनों से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने मंगलवार को पुलिस केंद्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक पुलिस के जवानों के बीच 50 आधुनिक बेटन लाइट का वितरण किया।
ये बेटन लाइट धनबाद राउंड टेबल 342 के सहयोग से उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने कहा कि आधुनिक उपकरणों से लैस पुलिस बल बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकता है। उन्होंने बताया कि इन बेटन लाइटों का उपयोग यातायात संचालन, वाहन जांच, रात्रि गश्ती और अन्य पुलिस कार्यों में किया जाएगा।
एसएसपी ने कहा कि रात के समय ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को इन बेटन लाइटों से बेहतर दृश्यता मिलेगी, जिससे यातायात नियंत्रण अधिक प्रभावी होगा और आम नागरिकों की सुरक्षा भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिसिंग को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना आवश्यक है और विभाग लगातार इसी दिशा में कार्य कर रहा है।
उन्होंने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से इन उपकरणों का नियमित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की, ताकि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस के जवान भी मौजूद रहे।
















