धनबाद: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय महिला मोर्चा का गठन करते हुए विभिन्न पदों पर महिला पदाधिकारियों की घोषणा की है। पार्टी नेतृत्व ने राज्य के विभिन्न जिलों से सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
नई टीम में धनबाद जिले की महिलाओं को भी प्रमुख स्थान दिया गया है। लक्ष्मी महतो और कुंती देवी को केंद्रीय महिला मोर्चा का वरीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि शहनाज प्रवीण को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा आरती कुमारी को सचिव और अंजु कुमारी को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही विभिन्न जिलों की कई अन्य महिला कार्यकर्ताओं को कार्यकारिणी सदस्य एवं अन्य संगठनात्मक पदों पर शामिल किया गया है।
पार्टी नेतृत्व ने कहा कि केंद्रीय महिला मोर्चा के गठन का मुख्य उद्देश्य संगठन को गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करना तथा महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। नई टीम संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी नई गति देगी।
जेएलकेएम ने विश्वास जताया कि नवगठित महिला मोर्चा संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
















