धनबाद: सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक चन्द्रदेव महतो रविवार को गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत कुलबेड़ा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली समेत क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक चन्द्रदेव महतो ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की और जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव था, उनके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। वहीं अन्य लंबित समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और लोगों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
ग्रामीणों ने विधायक के गांव पहुंचकर समस्याएं सुनने और त्वरित कार्रवाई की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि लंबित समस्याओं का भी जल्द समाधान होगा।
















