धनबाद: बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा सोमवार को धनबाद पहुंचे। समाहरणालय में उन्होंने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने, बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बैठक से पहले एसएसपी प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
बैठक में एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। समीक्षा के दौरान आईजी ने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की प्रगति, अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई तथा जिले की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और अपराधियों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। आईजी ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई बिना किसी ढिलाई के जारी रहेगी।
हाल के दिनों में फरार अपराधी प्रिंस खान द्वारा सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी को कथित तौर पर दी गई धमकी के संबंध में पूछे गए सवाल पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रिंस खान के खिलाफ पहले से ही कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस किसी भी आपराधिक गतिविधि को सफल नहीं होने देगी और जिले में शांति, सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
















