धनबाद: पूर्व मध्य रेल के क्षेत्रीय रेलवे सलाहकार समिति (ZRUCC) के सदस्य पिंटू कुमार सिंह ने मंगलवार को आयोजित जेडआरयूसीसी की बैठक में यात्रियों की सुविधाओं और रेलवे के समग्र विकास से जुड़ी 15 सूत्री मांगों का ज्ञापन पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक, हाजीपुर को उप महाप्रबंधक (सामान्य) के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में रेल परिचालन, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा, नई ट्रेनों के परिचालन तथा स्टेशनों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव शामिल किए गए।
पिंटू कुमार सिंह ने मांग की कि हावड़ा–गया वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार पटना तक किया जाए, ताकि यात्रियों के साथ-साथ रेल कर्मचारियों को भी हाजीपुर जोनल मुख्यालय आने-जाने में सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि इससे रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने गया–किउल रेलखंड के वारसलीगंज स्टेशन परिसर में खाली पड़ी रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर वहां रेलवे द्वारा दुकानों का निर्माण कराने की मांग की। उनका कहना था कि इससे रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
ज्ञापन में धनबाद–गिरिडीह–हजारीबाग टाउन के बीच लोकल ट्रेन चलाने, धनबाद से नई दिल्ली तथा सिकंदराबाद के लिए नई ट्रेन शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा कोडरमा–बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन (53371/72 एवं 53373/74) को रांची जंक्शन तक विस्तारित करने की मांग की गई।
उन्होंने गया–हावड़ा ट्रेन (किउल मार्ग) का परिचालन गया से दोपहर 1 बजे शुरू करने का सुझाव दिया, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को सुविधा मिल सके।
स्वच्छता के मुद्दे पर उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो जंक्शन, कतरास और धनबाद स्टेशन सहित कई स्टेशनों की खराब सफाई व्यवस्था पर चिंता जताते हुए तत्काल सुधार की मांग की। साथ ही हजारीबाग रोड स्टेशन का नाम बदलकर सरिया स्टेशन करने का भी प्रस्ताव रखा।
ज्ञापन में तत्काल टिकटों की कालाबाजारी पर भी चिंता व्यक्त करते हुए हाजीपुर जोन के प्रमुख स्टेशनों पर दलालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। वहीं धनबाद–पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव कुमारधुबी स्टेशन पर देने और धनबाद होकर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में आपातकालीन कोटा (Emergency Quota) बढ़ाने की भी मांग की गई।
उन्होंने रेलवे में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रही एजेंसियों की कार्यप्रणाली की निगरानी के लिए एक मॉनिटरिंग कमेटी गठित करने का सुझाव दिया, जिसमें जेडआरयूसीसी के सदस्यों को भी शामिल किया जाए, ताकि यात्रियों से जुड़े मुद्दों की नियमित समीक्षा की जा सके।
रेल सुरक्षा को लेकर उन्होंने धनबाद मंडल सहित अन्य रेल मंडलों में आरपीएफ कर्मियों की कमी का मुद्दा उठाते हुए निजी सुरक्षा एजेंसियों के माध्यम से अतिरिक्त सुरक्षा गार्डों की तैनाती की मांग की।
इसके अलावा गंगा-दामोदर एक्सप्रेस को दुमका के बजाय बक्सर तक विस्तारित करने तथा गया–पटना रेलखंड के चाकंद, बेला सहित अन्य स्टेशनों पर UPI के माध्यम से टिकट खरीदने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
पिंटू कुमार सिंह ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से पूर्व मध्य रेल के लाखों यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, रेल सेवाएं अधिक प्रभावी होंगी और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
















