रांची: झारखंड के चर्चित शराब घोटाला मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में राज्य के पूर्व वित्त एवं उत्पाद मंत्री तथा लोहरदगा विधायक रामेश्वर उरांव मंगलवार को रांची स्थित ईडी के जोनल कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ईडी ने रामेश्वर उरांव को पहले 30 जून को समन जारी किया था। उस समय उन्होंने आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के लिए तीन सप्ताह का समय मांगा था। इसके बाद एजेंसी ने दूसरा समन जारी कर उन्हें 7 जुलाई को उपस्थित होने का निर्देश दिया।
इस मामले में सोमवार को ही रामेश्वर उरांव के पुत्र रोहित उरांव भी ईडी कार्यालय पहुंचे थे। अधिकारियों ने उनसे कई घंटों तक पूछताछ कर मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली।
ईडी कथित शराब घोटाले में वित्तीय लेन-देन, प्रशासनिक निर्णयों और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल एजेंसी की पूछताछ जारी है और इस संबंध में ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
















