रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में 31 मई को हुई रानी कुमारी हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी राहुल कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का खुलासा सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से उपजी ईर्ष्या और आपसी रंजिश मुख्य कारण रही।
जानकारी के अनुसार, 31 मई को केतारी बगान, घाट रोड स्थित एक मकान में किरायेदार रानी कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे अस्वाभाविक मौत मानते हुए यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि रानी की मौत गंभीर चोट लगने और गला दबाकर दम घोंटने के कारण हुई थी। इसके बाद चुटिया थाना में हत्या का मामला दर्ज कर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, वैज्ञानिक जांच, गुप्त सूचना और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई की। इसी क्रम में मुख्य आरोपी राहुल कुमार गुप्ता को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध को लेकर पैदा हुई ईर्ष्या और आपसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद वह पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए फरार हो गया था, लेकिन पुलिस की लगातार निगरानी और सटीक तकनीकी जांच के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले की जांच अभी भी जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
रांची पुलिस ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
















