रांची: झारखंड में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है और राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मौसम सुहावना बना रहेगा और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
इधर, रांची में बिजली विभाग ने विभिन्न फीडरों पर मरम्मत, एलटी कन्वर्जन और पेड़ों की डालियों की छंटाई के लिए निर्धारित शटडाउन की घोषणा की है। इसके चलते शहर के कई इलाकों में 1 से 4 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
बिजली विभाग के अनुसार आरडीएसएस योजना के तहत आर्यपुरी, रातू रोड और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। वहीं एचएसएल फीडर में सुबह 8:00 से 8:45 बजे तक तथा दीपा टोली फीडर क्षेत्र में 2:30 बजे से 3:15 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। वहीं मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।
















