धनबाद: जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं को समयबद्ध गति देने और रैयतों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला भू-अर्जन कार्यालय में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राम नारायण खालको ने की।
बैठक में पथ निर्माण विभाग एवं नगर निगम की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए चल रही भू-अर्जन प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, भू-अर्जन से जुड़ी बाधाओं को दूर करने और प्रभावित रैयतों को समय पर मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राम नारायण खालको ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर भू-अर्जन से जुड़ी सभी समस्याओं का त्वरित समाधान करें, ताकि विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने मुआवजा भुगतान प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि रैयतों को उनका वैधानिक अधिकार बिना किसी अनावश्यक विलंब के मिलना चाहिए और इस दिशा में सभी अधिकारी गंभीरता से कार्य करें।
बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को सौंपे गए कार्यों का निष्पादन तय समयसीमा के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिले में चल रही विकास योजनाओं को और अधिक गति मिल सके।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राम नारायण खालको, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथलेश प्रसाद, सहायक अभियंता पंकज कुमार, पुटकी, झरिया, टुंडी एवं बलियापुर अंचल कार्यालयों के अंचल निरीक्षक (सीआई) तथा संबंधित कार्यालयों के सहायक उपस्थित रहे।
















