धनबाद: धनबाद रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय में बुधवार को क्षेत्रीय रेल परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने की। इसमें धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, चतरा सांसद काली चरण सिंह सहित विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में यात्रियों की सुविधाओं, लंबित रेल परियोजनाओं, ट्रेनों के विस्तार, नए ठहराव और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की रेल संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए रेलवे अधिकारियों से शीघ्र समाधान की मांग की।
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने बैठक में धनबाद–पटना गंगा-दामोदर एक्सप्रेस का विस्तार बक्सर तक करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इससे बिहार और झारखंड के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने धनबाद से कटरा तक चलने वाली ट्रेन को श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तारित करने का भी प्रस्ताव रखा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि सभी सांसदों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों की रेल आवश्यकताओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव रेलवे के समक्ष रखे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन इन मांगों पर सकारात्मक पहल करेगा।
रेलवे अधिकारियों ने बैठक के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं, चल रहे कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए चरणबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक में रेलवे नेटवर्क को मजबूत बनाने, यात्री सुविधाओं में सुधार और क्षेत्रीय विकास को गति देने से जुड़े कई अन्य सुझावों पर भी चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि रेल सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन के साथ-साथ व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
















