केरल : केरल के वायनाड जिले में हुए भीषण भूस्खलन ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस प्राकृतिक आपदा में झारखंड के खूंटी जिले के एक प्रवासी मजदूर की भी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अनमोल डोडराई के रूप में हुई है, जो खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड के पाटपुर स्थित जरिया पंचायत का निवासी था। हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनमोल डोडराई रोजगार की तलाश में केरल गया था और वहीं काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। वह परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मामले की जानकारी देते हुए खूंटी के श्रम अधीक्षक वाल्टर कुजूर ने बताया कि प्रशासन मृतक के शव को केरल से रांची लाने और वहां से उसके पैतृक गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था कर रहा है। साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने कहा है कि आपदा में प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
















