देवघर : देवघर जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में हुए टोटो लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया टोटो, मोबाइल फोन, चार बैटरियां तथा वारदात में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बालिया चौकी निवासी रामबालक राय ने 29 जून को कुण्डा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 जून की रात योगीडीह स्थित डीएवी स्कूल और डढ़वा नदी के समीप सुनसान सड़क पर बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने मारपीट कर उनका टोटो, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच एवं छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गौरीपुर निवासी सुमीत कुमार मंडल और लिलाम्बर मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया टोटो, चार ईस्टमेन बैटरियां, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में कुण्डा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक शिवयतन मुर्मु, हवलदार रामबालक राय, आरक्षी राजेश कुमार यादव तथा तकनीकी शाखा के रियाजुल हक और कृष्णा पूर्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
















