धनबाद : धनबाद के सदर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बिसनपुर नाला के समीप रहने वाली 70 वर्षीय राजकुमारी देवी को दो अज्ञात ठगों ने तंत्र-मंत्र के नाम पर झांसे में लेकर उनके सोने के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, काले कपड़े और हरे गमछे में आए दो व्यक्तियों ने खुद को तंत्र-मंत्र जानने वाला बताकर बुजुर्ग महिला से कहा कि वे उनके घर की परेशानियों का समाधान कर सकते हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला को विश्वास में ले लिया और कान के झुमके, गले का सोने का लॉकेट तथा हाथ के कंगन उतारकर गमछे में रखने के लिए कहा।
इसके बाद ठगों ने महिला से 51 कदम पीछे चलने को कहा। जब महिला वापस लौटी तो दोनों आरोपी गहनों के साथ मौके से फरार हो चुके थे। घटना का एहसास होते ही महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक ठग काफी दूर निकल चुके थे।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर ठगी करने वालों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की सलाह दी गई है।
















