धनबाद : शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट पहचान बना चुके अपर्णा पब्लिक स्कूल ने गुरुवार को गोविंदपुर में अपनी नई एवं आधुनिक शाखा का भव्य शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि के.के. सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपर्णा पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम नायक, रेणु कौशल, अपर्णा पब्लिक स्कूल जूनियर विंग के निदेशक करुणेश कौशल तथा गोविंदपुर शाखा के निदेशक सोहेल सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने समारोह में विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों का समावेश ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को नई शाखा के शुभारंभ के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
समारोह के समापन पर सभी अतिथियों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए संकल्प लिया कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए प्रकृति का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
नई शाखा के शुरू होने से गोविंदपुर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
















