धनबाद : कोयलांचल धनबाद में कला, संस्कृति और रंगमंच का सबसे बड़ा उत्सव ‘काला हीरा 2026’ आगामी 18 से 21 जुलाई तक कम्युनिटी हॉल, कोयला नगर में आयोजित किया जाएगा। 10वें ऑल इंडिया मल्टीलिंगुअल ड्रामा, डांस, ड्राइंग एंड म्यूजिक कंपटीशन फेस्टिवल के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन समिति की बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।
काला हीरा के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस चार दिवसीय महोत्सव में देश के 13 राज्यों से आने वाले कलाकार अपनी कला और अभिनय का प्रदर्शन करेंगे। पहले दिन 18 जुलाई को पश्चिम बंगाल के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक नृत्य एवं संगीत की रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं शाम को नवल विहान साहित्य कला सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देश के कई प्रतिष्ठित हिंदी कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।
महोत्सव में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, विधायक राज सिन्हा, धनबाद के मेयर संजीव सिंह, झरिया विधायक रागिनी सिंह, 99 ग्रुप के डायरेक्टर महेश मोदी सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। वहीं ऑल इंडिया थिएटर काउंसिल के पदाधिकारी एवं देशभर के वरिष्ठ रंगकर्मी भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
इस वर्ष का आयोजन स्थानीय कलाकारों के लिए भी खास रहेगा। मुंबई से कास्टिंग डायरेक्टर तरण बजाज कार्यक्रम में शामिल होंगे, जो अभिनेता नाना पाटेकर की मुख्य भूमिका वाली सूर्यदेव सिंह की जीवनी पर आधारित निर्माणाधीन वेब सीरीज़ के लिए स्थानीय प्रतिभाशाली कलाकारों का चयन करेंगे।
चार दिवसीय महोत्सव में पहले दो दिनों तक नृत्य, गायन, संगीत और ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। तीसरे और चौथे दिन मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, झारखंड सहित 13 राज्यों से आए नाट्य दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आईटीएम नाट्य मंच (मध्य प्रदेश), जॉय थिएटर टीम (बांकुड़ा, पश्चिम बंगाल), नटराज थिएटर (ओडिशा) और झारखंड के कई प्रसिद्ध रंगमंच समूह अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
21 जुलाई को समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं और नाट्य प्रस्तुतियों के विजेताओं की घोषणा की जाएगी। निर्णायक मंडल द्वारा चयनित प्रतिभागियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने स्थानीय कलाकारों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। इच्छुक प्रतिभागी स्टील गेट स्थित न्यू बैंक कॉलोनी, शिव मंदिर के समीप काला हीरा कार्यालय में संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं।
















