धनबाद : मानसून के दौरान सांप काटने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए धनबाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में एंटी-स्नेक वेनम एंटीसीरम (ASV) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। वर्तमान में पूरे जिले में 6,130 एक्टिव वायल का स्टॉक मौजूद है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है।
उपायुक्त ने बताया कि शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में सबसे अधिक 2,750 वायल उपलब्ध हैं। इसके अलावा बाघमारा सीएचसी में 300, बलियापुर सीएचसी में 500, सदर अस्पताल में 380, गोविंदपुर सीएचसी में 380, झरिया (झरिया-सह-जोरापोखर) में 420, निरसा सीएचसी में 480, तोपचांची सीएचसी में 450, टुंडी सीएचसी में 40, लोधरिया आयुष्यमान आरोग्य मंदिर में 10 तथा रामपुर आयुष्यमान आरोग्य मंदिर में 20 वायल उपलब्ध कराए गए हैं।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या अंधविश्वास में समय बिल्कुल भी बर्बाद न करें। मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं, जहां एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि मानसून और गर्मी के मौसम में सांपों के निकलने की संभावना अधिक रहती है। इसे देखते हुए जिले के सभी डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और मेडिकल स्टाफ को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि नागरिकों की सुरक्षा और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। किसी भी आपात स्थिति में लोग बिना देरी किए अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल से संपर्क करें।
ये भी पढ़ें:-DhanbadNews:पीके रॉय कॉलेज से शुरू हुआ एनएसयूआई का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान
















