रांची : ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा मेला के सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर झारखंड पुलिस एवं जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को मंदिर परिसर में झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, मेला समिति के पदाधिकारियों तथा स्थानीय गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक में रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान राकेश रंजन, पारस राणा, राकेश सिंह, मेला समिति के सदस्य एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक के बाद डीजीपी तदाशा मिश्रा ने स्वयं जगन्नाथपुर मंदिर परिसर, रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस बल की व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था, हेल्प डेस्क, खोया-पाया केंद्र और चिकित्सा शिविर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा ऐतिहासिक पर्व है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आम जनता के सहयोग से ही इस आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाया जा सकता है।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या हेल्प डेस्क को दें।
















